देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत राज्य में जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में हुई बैठकों में रुद्रपुर और हल्द्वानी-काठगोदाम के लिए दो अहम फैसले लिए गए। रुद्रपुर के मोदी मैदान में 23.32 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम बनाने की परियोजना को आगे बढ़ाया गया है, जबकि हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए 15 करोड़ रुपये की धनराशि अवस्थापना विकास निधि से प्रस्तावित की गई है।
मोदी मैदान में 8.594 हेक्टेयर में विकसित होगा स्टेडियम
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत रुद्रपुर के मोदी मैदान में इंडोर और आउटडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाना है। परियोजना के लिए पूर्व में खेल विभाग को आवंटित भूमि को आवास विभाग के नाम स्थानांतरित किया गया है। उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।


निगम की ओर से स्टेडियम निर्माण के लिए 2374.56 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया था। नियोजन विभाग के टीओसी परीक्षण के बाद 2332.05 लाख रुपये यानी करीब 23.32 करोड़ रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण पाया गया है।
प्रस्तावित स्टेडियम करीब 8.594 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। कुल 9.1915 हेक्टेयर भूमि में से इस क्षेत्र को परियोजना के लिए प्रस्तावित किया गया है। मैदान के दोनों ओर सड़कें होने के कारण स्टेडियम तक आवागमन भी सुगम रहने की उम्मीद है।
फुटबॉल से बैडमिंटन तक मिलेंगी सुविधाएं
इंडोर और आउटडोर खेल सुविधाओं से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए मंच मिलेगा। यहां फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन समेत विभिन्न खेलों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा स्टेडियम का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य बड़े आयोजनों के लिए भी किया जा सकेगा।
इस परियोजना को रुद्रपुर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और शहर को खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हल्द्वानी-काठगोदाम की सड़कों को मिलेगा 15 करोड़ का सहारा
बैठक में हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार से जुड़ा फैसला भी लिया गया। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सड़क निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये अवस्थापना विकास निधि से प्रस्तावित किए गए हैं। इन कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित करने का निर्णय लिया गया है।
हल्द्वानी-काठगोदाम कुमाऊं का प्रमुख शहरी एवं व्यावसायिक क्षेत्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़कों के सुधार से स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवास एवं अवस्थापना विकास से जुड़ी घोषणाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। मोदी मैदान का स्टेडियम युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है। वहीं हल्द्वानी-काठगोदाम की सड़कों के सुधार से जनसुविधाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने दोनों परियोजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Skip to content










