हल्द्वानी – जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की संवेदनशील पहल और त्वरित कार्रवाई के चलते विकासखंड धारी के ग्राम कौल निवासी भगवती देवी को वर्षों बाद अपनी पैतृक भूमि का अधिकार मिल गया। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए भू-माफियाओं के कब्जे से करीब 25 नाली भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर पीड़िता को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कौल निवासी भगवती देवी पत्नी स्वर्गीय दीवान राम की पैतृक भूमि पर लंबे समय से भू-माफियाओं ने अवैध कब्जा कर रखा था। कई बार शिकायत और गुहार लगाने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने अपनी समस्या जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के समक्ष रखी।


मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 25 नाली भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया और उसका कब्जा भगवती देवी को सौंप दिया।
भूमि वापस मिलने पर भगवती देवी ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से न्याय की आस लगाए बैठी थीं, लेकिन अब प्रशासन की पहल से उन्हें उनका हक वापस मिला है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट कहा कि गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को समयबद्ध न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Skip to content










