स्कूल प्रबंधन को व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश, बाल अधिकारों पर हुई विशेष कार्यशाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – काठगोदाम स्थित सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में बाल अधिकार, बाल सुरक्षा एवं जागरूकता विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में शिक्षक-अभिभावक संघ, स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावक, छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के समस्त कर्मचारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने कुमाऊँनी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय की जिम्मेदारी है कि बच्चों को सुरक्षित, सम्मानजनक और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

कार्यक्रम के दौरान योगेश रजवार ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ विद्यालय का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि बच्चों के शैक्षणिक और सामाजिक विकास में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अभिभावकों को विद्यालय के साथ नियमित संवाद बनाए रखते हुए बच्चों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।

नशामुक्त समाज के निर्माण पर जोर देते हुए आयोग सदस्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का उल्लेख करते हुए सभी से नशामुक्त उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

कार्यशाला में खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन एवं अन्य आपातकालीन सहायता नंबरों की जानकारी दी। वहीं जिला प्रोबेशन विभाग की पल्लवी तिवारी, चाइल्ड हेल्पलाइन की जिला समन्वयक किरण पंत तथा अन्य अधिकारियों ने भी बाल संरक्षण, सुरक्षा और अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिकाओं ललिता साह एवं नीतू काराकोटी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य फादर राजेश, स्कूल मैनेजर फादर डेरिक, पीटीआई एवं कार्यक्रम संयोजक इंद्र कार्की, शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!