हल्द्वानी, 1 अगस्त। दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में आयोजित तीन दिवसीय साहित्य एवं सांस्कृतिक महोत्सव “अभिव्यक्ति 2026” का शनिवार को भव्य समापन हुआ। रचनात्मक गतिविधियों, साहित्यिक प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरक सत्रों से सजे इस महोत्सव ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, विचार और अभिव्यक्ति को प्रभावी मंच प्रदान किया।
महोत्सव का शुभारंभ पहले दिन दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद ट्विन विन टीम द्वारा आयोजित गतिविधि-आधारित सत्रों में विद्यार्थियों ने वन लाइन स्टोरी, स्टोरीवर्स, कठपुतली के माध्यम से कहानी, थिएटर कार्यशाला, श्लोक गायन, एक्सटेम्पोर तथा एआई इन क्रिएटिव राइटिंग जैसी विविध गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन सत्रों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और संचार कौशल को नई दिशा प्रदान की।


दूसरे दिन दीप प्रज्ज्वलन और आकर्षक फ्लेमिंगो नृत्य के साथ कार्यक्रम का आगाज़ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही तथा हिमालय एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष श्री भुमेश अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित विजनरी टॉक्स में नौ विद्यार्थियों ने अपने प्रेरणादायी विचार साझा किए। पर्यावरणविद् श्री सुधीर चड्ढा ने पर्यावरण संरक्षण पर अपने अनुभव प्रस्तुत किए, जबकि “जैब दे मेट – जेन ज़ी अचीवर्स मीट जेन अल्फा” और “न्यू एज करियर्स इन द ऑरेंज इकोनॉमी” जैसे सत्रों ने विद्यार्थियों को भविष्य के उभरते अवसरों से परिचित कराया।
समापन दिवस पर दीप प्रज्ज्वलन, मधुर कोयर प्रस्तुति और पॉडकास्ट सत्र का आयोजन किया गया। विद्यालय के युवा लेखकों ने अपने लेखन अनुभव साझा किए, जबकि ट्विन विन टॉक शो ने विद्यार्थियों को नई सोच और प्रेरणा दी। एकल वक्तृत्व, मोनोलॉग, नुक्कड़ नाटक और स्किट प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। अंत में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि “अभिव्यक्ति 2026” केवल एक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को निखारने का सशक्त मंच है। यह महोत्सव विद्यार्थियों को स्वतंत्र रूप से सोचने, प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने और उत्कृष्टता की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

Skip to content










