नैनीताल – विधानसभा क्षेत्र नैनीताल के अंतर्गत ग्राम कटीमी गजार विस्गुली में कोसी नदी पर प्रस्तावित 190 मीटर स्पान रिवर क्रॉसिंग रोपवे निर्माण कार्य को नई गति मिल गई है। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनहित में बड़ा निर्णय लेते हुए परियोजना के लिए ₹21.43 लाख की अवशेष धनराशि स्वीकृत कर कार्यदायी संस्था को जारी कर दी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ), नैनीताल के माध्यम से कुल ₹85.73 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई थी। पहले चरण में 75 प्रतिशत राशि ₹64.29 लाख लोक निर्माण विभाग, रामनगर के निर्माण खंड को जारी की गई थी, जिसके आधार पर निर्माण कार्य शुरू किया गया। अब शेष 25 प्रतिशत राशि ₹21.43 लाख भी जारी कर दी गई है, जिससे परियोजना के बचे हुए कार्य पूरे किए जाएंगे।


जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने लोक निर्माण विभाग, रामनगर के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करते हुए शेष निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
रोपवे निर्माण पूरा होने के बाद कटीमी गजार विस्गुली और आसपास के ग्रामीणों को वर्षभर कोसी नदी सुरक्षित रूप से पार करने की सुविधा मिलेगी। विशेषकर बरसात के दौरान नदी पार करने में होने वाली कठिनाइयों से लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो जाएगा।
धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि रोपवे के निर्माण से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

Skip to content










