हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र के ग्राम मानपुर में मंगलवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। लंबे समय से बंद पड़े एक अंडरग्राउंड टैंक में जमा जहरीली गैस की चपेट में आने से मां और उसके दो बेटों की दम घुटने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबसे पहले एक व्यक्ति टैंक का ढक्कन खोलकर अंदर उतरा, जहां जहरीली गैस के कारण वह अचेत हो गया। उसे बचाने के लिए परिवार के दो अन्य सदस्य भी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतर गए, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकालकर तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।


हादसे में धर्मेंद्र सिंह बिष्ट (38), उनकी माता सरस्वती देवी (58) और उनके भाई कुशल बिष्ट (35) की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे मानपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है।

Skip to content










