हज-2027: 15 सितंबर तक मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र जमा करें हज यात्री, समिति ने जारी किए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार – हज यात्रा-2027 के लिए उत्तराखंड से चयनित 1526 यात्रियों के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड राज्य हज समिति ने सभी चयनित आवेदकों को 15 सितंबर तक मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र समेत निर्धारित दस्तावेज जमा और अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। समयसीमा के भीतर औपचारिकताएं पूरी नहीं करने पर हज यात्रा की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के सर्कुलर के अनुसार हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों को चिकित्सा जांच के साथ आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। हज नीति-2027 के तहत प्रत्येक चयनित यात्री के लिए दो चरणों में चिकित्सा जांच और फिटनेस प्रमाणपत्र की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। पहला चरण चयन के समय और दूसरा यात्रा से पहले पूरा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चयनित आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर सर्कुलर नंबर-10 के साथ उपलब्ध निर्धारित प्रपत्र का प्रिंट निकालकर सरकारी एलोपैथिक चिकित्साधिकारी से मेडिकल जांच कराएं। मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र पर फोटो चस्पा कर संबंधित चिकित्साधिकारी के हस्ताक्षर कराने के बाद इसे 15 सितंबर तक हज समिति की वेबसाइट के पिलग्रिम लॉगिन-2027 पर अपलोड करना होगा।

इसके साथ ही हज की प्रथम किस्त जमा करने की ई-पे स्लिप अथवा ऑनलाइन भुगतान की रसीद भी अपलोड करनी होगी।

पासपोर्ट से बैंक दस्तावेज तक जमा करने होंगे कागजात

चयनित यात्रियों को हस्ताक्षर सहित हज आवेदन फार्म की प्रति, डिक्लेरेशन, पासपोर्ट डिक्लेरेशन, सफेद बैकग्राउंड वाली दो रंगीन फोटो, बैंक खाते का कैंसिल चेक अथवा बैंक पासबुक की छायाप्रति और पासपोर्ट के फ्रंट एवं बैक पेज की छायाप्रति जमा करनी होगी।

यदि आवेदक का वर्तमान पता पासपोर्ट में दर्ज पते से अलग है तो हज आवेदन में दिए गए वर्तमान पते का प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराना होगा। सभी दस्तावेजों की छायाप्रतियों पर आवेदक के स्वहस्ताक्षर होना अनिवार्य है।

ऑनलाइन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी होने पर आवेदक मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उत्तराखंड राज्य हज समिति के हज हाउस, पिरान कलियर स्थित कार्यालय में अंतिम तिथि से पहले जमा करा सकते हैं।

मूल मेडिकल रिपोर्ट सुरक्षित रखने की सलाह

हज समिति ने चयनित यात्रियों को मूल चिकित्सा जांच रिपोर्ट और मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र सुरक्षित रखने की सलाह दी है। यात्रा के दूसरे चरण में चिकित्सा जांच और टीकाकरण के दौरान इन्हें चिकित्सा टीम के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।

समिति ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुसार चिकित्सकीय रूप से अयोग्य पाए जाने पर संबंधित आवेदक की हज यात्रा की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। ऐसी स्थिति में जमा राशि नियमों के अनुसार वापस की जाएगी। वहीं स्वास्थ्य या चिकित्सा से जुड़ी जानकारी छिपाने अथवा गलत जानकारी देने पर जमा राशि जब्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

हज समिति ने सभी चयनित यात्रियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवश्यक चिकित्सा जांच और दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि हज-2027 की आगे की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।

और पढ़ें

error: Content is protected !!