सल्ट/अल्मोड़ा – मौलेखाल सल्ट विकासखंड के मोहान रेंज अंतर्गत तड़म ग्रामसभा के भौनखाल क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने बुधवार देर रात एक बाघ का सफल रेस्क्यू कर लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से बाघ को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ा गया। इसके बाद उसे रेस्क्यू वाहन से रामनगर के ढेला स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया। बाघ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात बाघ ने भौनखाल क्षेत्र में एक गाय को अपना निवाला बना लिया था। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया था। ग्रामीणों की सुरक्षा और बाघ की लगातार गतिविधियों को देखते हुए रेंजर हेमा कर्नाटक ने बुधवार को वन विभाग की टीम गठित कर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।


वन विभाग की टीम ने दिनभर क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। बाघ को सुरक्षित पकड़ने के लिए रणनीति तैयार कर जाल लगाया गया। बुधवार रात करीब 11 बजे बाघ जाल में फंस गया। इसके बाद वन विभाग की टीम और विशेषज्ञ चिकित्सक तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक सावधानी बरतते हुए बाघ को ट्रेंकुलाइज किया।
बाघ को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद उसे रेस्क्यू वाहन से रामनगर के ढेला स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया। वन विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से बनी दहशत कुछ कम हुई है। विभाग की टीम ने ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी है।

Skip to content










