सितारगंज – नगर के तिरंगा चौराहे पर खुले नए शराब के ठेके को लेकर विरोध तेज हो गया है। भीम आर्मी के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए और प्रशासन से शराब का ठेका तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शराब का ठेका ऐसे स्थान पर खोला गया है, जिसके आसपास स्कूल, अस्पताल और तिरंगा चौराहा स्थित हैं। उनका कहना था कि यह क्षेत्र सार्वजनिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है और यहां शराब की दुकान संचालित किए जाने से सामाजिक माहौल प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि बाजार के बीच शराब का ठेका खोलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए थी और इसे तुरंत हटाया जाना चाहिए।


धरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने का प्रयास किया।
मौके पर पहुंचे आबकारी विभाग के अधिकारी बृजेश जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया शराब का ठेका निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रतीत हो रहा है। हालांकि यदि किसी प्रकार की शिकायत या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो विभाग मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेगा।
फिलहाल शराब के ठेके को लेकर विरोध जारी है। अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन और आबकारी विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Skip to content










