हर्रावाला रेलवे स्टेशन का आज होगा लोकार्पण, यात्रियों को मिलेगी बड़ी सौगात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हर्रावाला रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। दोपहर 2:15 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसी योजना के तहत लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से हर्रावाला रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। रेलवे प्रशासन ने उद्घाटन समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

देहरादून से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन वर्तमान में केवल एक प्लेटफॉर्म वाला स्टेशन है। अभी देहरादून से प्रतिदिन संचालित होने वाली लगभग 16 ट्रेनों में से केवल तीन ट्रेनों का यहां दो-दो मिनट का ठहराव होता है। हालांकि क्षेत्र की लगातार बढ़ती आबादी और यात्रियों की संख्या को देखते हुए भविष्य में यहां अधिक ट्रेनों के ठहराव की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं।

स्टेशन अधीक्षक गोपाल सिंह बिष्ट के अनुसार वर्तमान में स्टेशन से प्रतिदिन लगभग 80 से 90 सामान्य श्रेणी के टिकटों की बिक्री होती है। स्टेशन के आसपास करीब एक लाख की आबादी निवास करती है। यदि अधिक ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित होता है तो क्षेत्र के यात्रियों को देहरादून रेलवे स्टेशन तक जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे समय, ईंधन और धन की बचत होने के साथ शहर में यातायात का दबाव भी घटेगा।

पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक वेटिंग रूम, आरक्षण काउंटर, दिव्यांगजनों के लिए विशेष काउंटर, जलपान गृह, पूछताछ केंद्र, पार्किंग तथा लगभग 15 कमरों का निर्माण किया गया है। स्टेशन का नया स्वरूप यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

हर्रावाला रेलवे स्टेशन के लोकार्पण के बाद अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यहां अधिक ट्रेनों का ठहराव कब शुरू होगा। स्थानीय जनप्रतिनिधि लंबे समय से इस मांग को उठाते रहे हैं। लोगों का मानना है कि यदि प्रमुख ट्रेनों का ठहराव हर्रावाला स्टेशन पर सुनिश्चित हो जाता है तो यह स्टेशन देहरादून के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक रेल केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!