सुबह की सैर बनी आखिरी सफर, तेज रफ्तार दूध वाहन ने ली पूर्व सैनिक की जान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्दूचौड़ – गुरुवार सुबह हल्दूचौड़ क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक पूर्व सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई। रोजाना की तरह दूध लेने घर से निकले पूर्व सैनिक हरिश्चंद्र चंदोला घर वापस नहीं लौट सके। घर लौटते समय सांवरिया बैंक्वेट हॉल के समीप तेज रफ्तार दूध कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दूचौड़ के समीप रहने वाले हरिश्चंद्र चंदोला प्रतिदिन सुबह दूध लेने जाते थे। गुरुवार को भी वह दूध लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सांवरिया बैंक्वेट हॉल के पास तेज गति से आ रहे दूध कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं दुर्घटना के बाद वाहन चालक के संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। चालक फरार हुआ है या हिरासत में लिया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

पूर्व सैनिक की असामयिक मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर समय रहते प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो ऐसे हादसे लगातार होते रहेंगे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!