थाना दिवस में एसएसपी अजय गणपति ने जनता से किया सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

सितारगंज – ऊधमसिंहनगर के सितारगंज कोतवाली में आयोजित थाना दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर में नव-निर्मित पुलिस आवास, पुलिस मैस एवं कार्यालय भवन का उद्घाटन किया तथा परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत कोतवाली परिसर में स्थापित शिवलिंग की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद आयोजित जनसंवाद में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कानून व्यवस्था, नशे की रोकथाम, अतिक्रमण, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर अपने सुझाव एवं शिकायतें रखीं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि नशे से संबंधित हर सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही साइबर अपराधों से सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की।

व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रखीं समस्याएं

थाना दिवस के दौरान व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। शिवकुमार मित्तल ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की, जबकि सुरेश जैन ने बाजार क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को हटाने की आवश्यकता बताई।

बृजमोहन ने सिडकुल क्षेत्र में रिपोर्टिंग चौकी स्थापित करने, रात्रि गश्त के लिए अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने तथा महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी। वहीं एनीमा हलदार ने शक्ति फार्म चौकी में बाहरी लोगों की मौजूदगी और कथित दलालों द्वारा लोगों से अवैध वसूली का मुद्दा उठाया। मीनाक्षी मंडल ने शक्ति फार्म क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों के विवाह पर चिंता व्यक्त करते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की।

एसएसपी ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि प्रत्येक मामले का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

कोतवाली को मिला कॉरपोरेट सहयोग

कार्यक्रम के दौरान लापोला कंपनी के दुर्गेश मोहन, वेस्टर्न कंपनी के बसंत जोशी तथा गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट के के.के. राय ने सितारगंज कोतवाली के लिए फर्श, टाइल्स एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। इस सहयोग के लिए कोतवाली प्रभारी सुंदरम शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया। वहीं व्यापार मंडल एवं सामाजिक संगठनों की ओर से एसएसपी अजय गणपति का भी सम्मान किया गया।

इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी, कोतवाली प्रभारी सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक जावेद मलिक, सरकड़ा चौकी प्रभारी दीपक तिवारी, सिडकुल चौकी प्रभारी जगत शाही, एसआई बबीता टम्टा, एसआई कैलाश देव, नगर पालिका ईओ प्रतिभा कोहली, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!