रुद्रपुर – फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत भारत निर्वाचन आयोग की तीन सदस्यीय टीम ने गुरुवार को जिला सभागार में अधिकारियों, रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ और सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले में चल रहे एसआईआर कार्यों का जायजा लिया। बैठक के दौरान आयोग की टीम ने फील्ड में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों में मतदाताओं के स्पष्ट, नवीन एवं अद्यतन फोटोग्राफ लगाए जाएं, ताकि फोटोयुक्त मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित तैयार की जा सके। आयोग की टीम ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।


आयोग की टीम ने सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
बैठक के दौरान आयोग के अधिकारियों ने बीएलओ एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से फील्ड में कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं, विशेषकर नेटवर्क एवं तकनीकी सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस पर उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने बताया कि जनपद में नेटवर्क अथवा अन्य तकनीकी व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है तथा एसआईआर का कार्य निर्धारित समय के अनुसार सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समयबद्ध ढंग से डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह अधिकारी ने बैठक में बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को गंभीरता से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसआईआर कार्य को प्रभावी बनाने के लिए सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिससे फील्ड में कार्य करने में उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि जनपद एवं तहसील स्तर पर एसआईआर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा इसके लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। यदि फील्ड में कार्यरत किसी बीएलओ अथवा अधिकारी को किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल अवगत कराता है, जिसका संबंधित अधिकारियों द्वारा समय पर समाधान किया जा रहा है।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की टीम के अनुभाग अधिकारी चंदर मोहन, सहायक अनुभाग अधिकारी शमीक मुखर्जी एवं आयुष कुमार, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, मनीष बिष्ट, राहुल शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह अधिकारी सहित सभी सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Skip to content










