भीमताल/हल्द्वानी – हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को विकास भवन भीमताल के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में मेले की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं और सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी शामिल होंगे। मेले में करीब 250 स्टाल लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के उत्पाद, हस्तशिल्प, स्थानीय खाद्य सामग्री तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

30 अक्टूबर तक पूरी करनी होगी टेंडर प्रक्रिया
सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले की तैयारियों में किसी भी स्तर पर देरी न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को टीम गठित कर 30 अक्टूबर से पहले सभी टेंडर प्रक्रियाएं पूरी करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरस मेला जनपद का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन है। इसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के साथ लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा से लेकर यातायात, पार्किंग, पेयजल, बिजली, चिकित्सा और साफ-सफाई तक सभी व्यवस्थाएं पहले से सुदृढ़ और व्यवस्थित होनी चाहिए।
सीडीओ ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपने-अपने दायित्वों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें, ताकि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।
मेला स्थल पर बनेगा कंट्रोल रूम
मुख्य विकास अधिकारी ने मेला स्थल पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम में विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन, वन विभाग सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सभी अतिथियों के लिए ई-कार्ड आधारित आमंत्रण पत्र तैयार कराने के निर्देश भी दिए, ताकि आमंत्रण संबंधी प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
सुरक्षा और पार्किंग की बनेगी कार्ययोजना
मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग व्यवस्था की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीडीओ ने कहा कि मेले में आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। भीड़ के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की रहेगी व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय टीम को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखने को कहा गया।
वहीं जल संस्थान और विद्युत विभाग को मेला अवधि के दौरान निर्बाध पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सफाई और कचरा प्रबंधन पर भी विशेष जोर
मेले में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम हल्द्वानी को मेला परिसर और आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था तथा कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है।
सीडीओ ने अधिकारियों से कहा कि मेला क्षेत्र में नियमित सफाई के साथ कूड़ा एकत्र करने और उसके निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोजन के दौरान स्वच्छता बनी रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयार होगी रूपरेखा
बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को मेले के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए। सरस मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले स्वयं सहायता समूहों के साथ स्थानीय संस्कृति और लोक कला को भी मंच प्रदान करने की तैयारी की जा रही है।
इसके अलावा मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश दिए गए।
नियमित होगी तैयारियों की समीक्षा
सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि सरस मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों को निर्धारित समय में पूरा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही इतने बड़े आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकता है। इसलिए तैयारियों के प्रत्येक चरण की निगरानी की जाएगी और जहां आवश्यकता होगी, वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला पंचायतीराज अधिकारी सुरेश बेनी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, संभागीय परिवहन अधिकारी गुरदेव सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, उपनिदेशक रेशम विभाग रोमिल पांडे, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित सभी खंड विकास अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।











