रुद्रपुर – रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद क्षेत्रीय प्रबंध समिति की बैठक सोमवार को रुद्रपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री जगदीश कांडपाल ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय मंत्री श्री उमेश चंद्र जोशी ने किया।
बैठक में रोडवेज कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर 2026 का वेतन अब तक नहीं मिलने पर पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। कर्मचारियों ने कहा कि लगातार तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। विशेष रूप से संविदा, विशेष श्रेणी, एजेंसी एवं कार्यशाला कर्मचारियों को वेतन न मिलने से मानसिक एवं आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वेतन भुगतान की मांग को लेकर कुमाऊं क्षेत्र से एक वृहद आंदोलन शुरू किया जाएगा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
बैठक में कार्यशालाओं में खड़े वाहनों के संबंध में भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यशालाओं में वाहनों पर संतोषजनक कार्य नहीं होने के कारण निगम की कई बसें ऑफ रोड हैं। उन्होंने इन वाहनों को जल्द से जल्द दुरुस्त कर ऑन रोड किए जाने पर जोर दिया, ताकि निगम की सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।
बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री जगमोहन, प्रांतीय संगठन मंत्री श्री श्याम सिंह शाही, श्री रियासत खान, श्री विनीत पाठक, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष श्री पीसी बिष्ट सहित सुरेंद्र रावत, कमल तिवारी, मोहम्मद इमरान खान, मोहन बोरा, कौशल जोशी, दिनेश भंडारी, विजय चौहान, कार्तिक नेगी, आनंद जोशी, मनोज मनराल, सनी भारती, नवीन बिष्ट, रविंद्र, भगवान दास, राहुल राणा, त्रिलोक सिंह, योगेश जोशी, प्रमोद बरगली, प्रदीप सिंह, कल्पना सक्सेना, त्रिभुवन चंद, राकेश गोसाई, राजेश कुमार, दिनेश कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।











