Breaking News

रामनगर में चाक-चौबंद होगी वीआईपी सुरक्षा, पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग में सुरक्षा और ट्रैफिक पर विशेष जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रामनगर – आगामी वीआईपी कार्यक्रमों को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर रामनगर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पीएनजी कॉलेज, रामनगर में वीआईपी ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी नैनीताल ने कहा कि वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वीआईपी प्रोटोकॉल के अनुरूप कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट पर सख्त एक्सेस कंट्रोल लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने तथा प्रभावी चेकिंग एवं फ्रिस्किंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ने ट्रैफिक पुलिस एवं सीपीयू को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए। वीआईपी मूवमेंट के दौरान वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित रहे और वीआईपी मार्गों पर किसी भी प्रकार की बाधा या अवरोध पहले से ही हटा दिए जाएं।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस कर्मियों को आमजन एवं आगंतुकों के साथ शालीन एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखने की भी हिदायत दी गई। साथ ही प्रत्येक पुलिसकर्मी को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी (यूटी) विनय सिंह, प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा सहित वीआईपी ड्यूटी में तैनात अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!