Breaking News

रुद्रपुर से किसानों को मिली 369 करोड़ की सौगात, शिवराज सिंह चौहान ने की कई बड़ी घोषणाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – गांधी मैदान रुद्रपुर में कृषि विभाग द्वारा आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री गणेश जोशी तथा जनपद प्रभारी एवं परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर 46.32 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 09 विकास योजनाओं का लोकार्पण तथा 323.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 32 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि “जब खेत बचेंगे तो जमीन बचेगी, जमीन बचेगी तो पृथ्वी बचेगी और पृथ्वी बचेगी तो जीवन बचेगा।” उन्होंने किसानों से मिट्टी का संरक्षण करने, संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री किसानों का पहला सेवक होता है और किसान ही उनके लिए भगवान के समान हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज चावल उत्पादन में विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है तथा कृषि क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। जलवायु परिवर्तन को बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

उत्तराखंड के किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं

शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड के कृषि एवं बागवानी क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां से सेब, अखरोट और बादाम के उच्च गुणवत्ता वाले पौधे तैयार किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि बड़ी नर्सरी स्थापित करने वालों को 4 करोड़ रुपये तथा छोटी नर्सरी के लिए 2 करोड़ रुपये तक की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा चौबटिया (अल्मोड़ा) में 15 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा तथा उत्तराखंड में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए न्यूजीलैंड के सहयोग से 15 करोड़ रुपये की विशेष योजना तैयार की जा रही है।

उन्होंने किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए घेरबाड़ (फेंसिंग) कार्य हेतु 65 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने तथा प्रदेश में ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित करने के लिए 104 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री धामी बोले— स्वस्थ मिट्टी और स्वस्थ किसान ही विकसित उत्तराखंड की नींव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वस्थ किसान, स्वस्थ मिट्टी और मजबूत कृषि व्यवस्था ही विकसित उत्तराखंड की आधारशिला है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने, मिट्टी की नियमित जांच कराने तथा रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, डिजिटल कृषि मिशन और कृषि अवसंरचना जैसी योजनाओं से किसानों को बड़ा लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याज मुक्त कृषि ऋण, निःशुल्क सिंचाई सुविधा, कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक अनुदान, पॉलीहाउस, कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चेन और मेगा फूड पार्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार योजनाएं बना सकती है, लेकिन कृषि क्षेत्र में वास्तविक बदलाव तभी आएगा जब किसान स्वयं इस अभियान का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रखीं प्रमुख मांगें

राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सभी अतिथियों एवं किसानों का स्वागत करते हुए केंद्र सरकार से घेरबाड़ योजना के लिए 65 करोड़ रुपये, जैविक खेती के लिए 10 करोड़ रुपये तथा मडुवा और झंगोरा को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में शामिल करने का अनुरोध किया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, रणजीत सिंह नामधारी, उत्तम दत्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, सचिव डॉ. एस.एन. पांडे, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, पंकज उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान एवं नागरिक उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!