हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम थाना क्षेत्रों में हुई सात चोरी की वारदातों का एक साथ खुलासा करते हुए शातिर हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से ₹2.28 लाख से अधिक की चोरी की नकदी, एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।


ज्ञात हो कि 24 मई, 9 जून और 15 जून 2026 को लालकुआं क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया गया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सघन सुरागरसी एवं पतारसी के बाद 26 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की चार, मुखानी थाना क्षेत्र की दो तथा काठगोदाम थाना क्षेत्र की एक चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल ₹2,28,200 की चोरी की नकदी, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK04L-3095) तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया करीब ₹16 हजार कीमत का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया।
पुलिस के अनुसार मुख्य अभियुक्त प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और गल्लों में रखी नकदी चोरी करता था, जबकि उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी रखकर पुलिस या राहगीरों की गतिविधियों पर नजर रखता था। चोरी की रकम दोनों नशे और अन्य शौक पूरे करने में खर्च कर देते थे।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा थाना लालकुआं का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध चोरी, नकबजनी, लूट की तैयारी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजू बहादुर के खिलाफ भी 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस प्रकार दोनों के खिलाफ कुल 45 मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित मुकदमों में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस उल्लेखनीय सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए ₹2,500 के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा (34 वर्ष), निवासी दीना डी क्लास, हल्दूचौड़, लालकुआं।
- राजू बहादुर (22 वर्ष), निवासी फॉरेस्ट कंपाउंड, बजरी कंपनी, लालकुआं।
गिरफ्तारी टीम
- उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी गोस्वामी, चौकी प्रभारी हल्दूचौड़
- कांस्टेबल कुबेर सिंह
- कांस्टेबल मनीष शर्मा
- कांस्टेबल राजेश कुमार

Skip to content











