Breaking News

मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की तैयारी, सितारगंज कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

सितारगंज (ऊधमसिंह नगर) – आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को सितारगंज कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने ताजियेदारों, आयोजकों और गणमान्य नागरिकों के साथ पर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सितारगंज भूपेंद्र सिंह धोनी एवं तहसीलदार हिमांशु साह ने की, जबकि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सुंदरम शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ताजियेदार, धर्मगुरु तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले सभी ताजिए प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग एवं निर्धारित समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे। साथ ही ताजियों की ऊंचाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप सीमित रखी जाएगी, ताकि विद्युत लाइनों एवं अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और जुलूस सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

प्रशासन ने आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, विवाद, भड़काऊ गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। सभी ताजियेदारों एवं आयोजकों से प्रशासन एवं पुलिस का पूर्ण सहयोग करने तथा शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की अपील की गई।

क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि मोहर्रम आस्था और अनुशासन का पर्व है। सभी लोग आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की भावना के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें।

प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा जुलूस मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि मोहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा मोहर्रम पर्व को आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांति के वातावरण में मनाने का विश्वास दिलाया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!