Breaking News

एसएसपी अजय गणपति ने पंजा कुश्ती में दिखाया दम, विश्व विजेता दलजीत सिंह गोराया के साथ रोमांचक मुकाबले में दर्ज की जीत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय, नैनीताल में 2,35,085 नोटिस जारी; 2,30,222 का हुआ वितरण बारिश से हुए नुकसान पर मंत्री कैड़ा सख्त, आपदा मद से क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग, नहर और पेयजल लाइनें दुरुस्त करने के निर्देश अनुज कांत अग्रवाल के नाम रहा सावन किंग-2026 का खिताब, लायंस क्लब के समारोह में रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस सख्त, हल्द्वानी में स्कूली वाहनों का सघन चेकिंग अभियान; नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई मंडी बोर्ड की योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने पर जोर, गणेश जोशी बोले- किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में न हो देरी

महिला की गरिमा से खिलवाड़ करने वाला विकृत मानसिकता का आरोपी गिरफ्तार, रात के अंधेरे में दीवार फांदकर चुराए थे महिला के कपड़े

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली शर्मनाक घटना का खुलासा करते हुए हल्द्वानी पुलिस ने एक विकृत मानसिकता के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने रात के अंधेरे में एक मकान की दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया और बाहर सूख रहे महिला के कपड़े चोरी कर लिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सभी कपड़े बरामद कर लिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के क्रम में यह सफलता हासिल हुई है। पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को महेश नगर, नवाबी रोड, हल्द्वानी निवासी एक महिला ने कोतवाली हल्द्वानी में लिखित तहरीर देकर बताया कि 19 जून की रात करीब 3:23 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके मकान की दीवार फांदकर अंदर घुस आया और बाहर सूख रहे महिला के कपड़े चोरी कर ले गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की पहचान और शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 209/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) एवं 331(2) में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी हीरा नगर उपनिरीक्षक संजीत राठौड़ को सौंपी गई।

प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस ने 24 जून को टैगोर पब्लिक स्कूल के पास स्थित क्रिकेट मैदान, पंचायतघर रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान निकेत सिंह बिष्ट (34 वर्ष) पुत्र खीम सिंह बिष्ट, निवासी समीर विहार फेज-1, कुसुमखेड़ा, मुखानी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए महिला के सभी कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हीरा नगर उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल इसरार नबी, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में नैनीताल पुलिस पूरी संवेदनशीलता और सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधियों के विरुद्ध समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!