रुद्रपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा गांधी पार्क तथा भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में लागू ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान’ की व्यवस्था का पुरजोर विरोध करते हुए राष्ट्रीय एकीकरण के लिए संघर्ष किया। उनका यह संघर्ष और बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।


वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि महान शिक्षाविद, दूरदर्शी चिंतक और राष्ट्रवादी विचारधारा के सशक्त प्रवक्ता थे। उन्होंने शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार और आदर्श आज भी देश को मजबूत, आत्मनिर्भर और एकजुट बनाने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक नींव डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महान राष्ट्रपुरुषों ने रखी थी। उनके सिद्धांतों और राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पार्टी उनके आदर्शों पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रसेवा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, भारत भूषण चुघ, सुरेश परिहार, परवेज खान, राकेश सिंह, अनिल चौहान, विवेक सक्सेना, हिमांशु शुक्ला, योगेश वर्मा, बिट्टू चौहान, कार्यक्रम सह-संयोजक प्रमोद मित्तल, विजय तोमर, रचित सिंह, मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, शालिनी बोरा, सुनील ठुकराल, सुनील सिंह, प्रीति धीर, ममता जीना, अर्चना सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Skip to content











