Breaking News

एनसीसी कैडेट्स ने सीखे सैन्य कौशल और आधुनिक तकनीक के गुर, सीएटीसी शिविर का सातवां दिन रहा रोमांचक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – घोड़ाखाल सैनिक स्कूल में आयोजित 79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) के सातवें दिन कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन एवं आधुनिक तकनीक से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किए गए। दिनभर आयोजित गतिविधियों में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।

शिविर की शुरुआत कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अविजीत मेहता के नेतृत्व में योग सत्र के साथ हुई। योगाभ्यास के माध्यम से कैडेट्स को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके उपरांत कैडेट्स को .22 राइफल से फायरिंग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही INSAS राइफल सहित अन्य हथियारों की कार्यप्रणाली, उपयोग और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं। ड्रिल प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व और सैन्य दक्षता के गुर सिखाए गए।

शिविर में एसडीआरएफ नैनीताल की टीम ने कैडेट्स को रैपलिंग और क्लाइम्बिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान आपदा की परिस्थितियों में बचाव कार्यों की तकनीक समझाई गई, जिससे कैडेट्स में साहस, आत्मविश्वास और आपदा प्रबंधन संबंधी कौशल का विकास हुआ।

दिन के अंतिम सत्र में हवलदार दीपक रावत के मार्गदर्शन में आधुनिक ड्रोन तकनीक पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कैडेट्स को ड्रोन के उपयोग, संचालन, सर्विलांस तकनीक एवं इसके विभिन्न अनुप्रयोगों की जानकारी दी गई। साथ ही ड्रोन फ्लाइंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिससे कैडेट्स आधुनिक तकनीक की बारीकियों से रूबरू हुए।

इस अवसर पर कर्नल अविजीत मेहता, लेफ्टिनेंट कर्नल बी.एस. खड़का (सेना मेडल), सूबेदार मेजर चंचल सिंह, सूबेदार इंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!