नैनीताल/कैंचीधाम – विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। प्रशासन के अनुसार रात्रि आठ बजे तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे।
स्थापना दिवस मेले के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी बाबा के दर्शन कर मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर में प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। श्रद्धालुओं ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।


मेले को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्वयं मोर्चा संभाले रखा। दोनों अधिकारी सुबह से ही क्षेत्र में मौजूद रहकर यातायात, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था की लगातार निगरानी करते रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। मैदानी क्षेत्रों से आने वाले भक्तों के लिए काठगोदाम रेलवे स्टेशन, हल्द्वानी रेलवे स्टेशन तथा रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी से विशेष शटल सेवाएं संचालित की गईं। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग से शटल वाहनों की व्यवस्था की गई थी। मंदिर के आसपास के क्षेत्र को जीरो जोन घोषित कर दर्शनार्थियों के लिए सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। मंदिर के कपाट सुबह पांच बजे से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि यात्रा मार्गों पर यातायात को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया था। विशेष यातायात योजना के तहत श्रद्धालुओं को शटल सेवाओं के माध्यम से सुरक्षित और निर्बाध रूप से कैंची धाम पहुंचाया गया, जिससे यात्रा व्यवस्था सुचारू बनी रही।
प्रशासन के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रहने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्थापना दिवस के अवसर पर पूरा कैंची धाम बाबा नीब करौरी महाराज के जयकारों और भजनों से गुंजायमान रहा।
मेले की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने भीमताल, भवाली और विभिन्न पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। संभागीय परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे दिन व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।

Skip to content










