हल्द्वानी – जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत सोमवार को गौजाजाली क्षेत्र में घर-घर संपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय गौजाजाली तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौजाजाली के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने क्षेत्र के मतदाताओं से संपर्क कर गणना प्रपत्रों के संबंध में जानकारी दी।
अभियान के दौरान सुनीता पाल, दीपा कपिल तथा सुनीता भोज उपस्थित रहीं। टीम द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई तथा गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही मतदाताओं से फीडबैक भी प्राप्त किया गया।


अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की कि वे गणना प्रपत्र में सभी आवश्यक जानकारियां सही तरीके से भरकर निर्धारित समयावधि के भीतर फोटो सहित संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके।
अभियान के तहत बताया गया कि बीएलओ द्वारा 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर भ्रमण किया जा रहा है। प्रारंभिक 10 दिनों में गणना प्रपत्रों का वितरण किया जाएगा, जबकि इसके बाद भरे हुए प्रपत्रों का संग्रहण एवं मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा।
इस दौरान क्षेत्रवासियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

Skip to content










