विश्व रक्तदाता दिवस पर मानवता की मिसाल, रक्तदान शिविर में जुटीं सैकड़ों लोग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व एवं महंत इंद्रेश अस्पताल के सहयोग से विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।

प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। रक्तदान अभियान के दौरान कुल 60 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो भविष्य में जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगा। रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।

ज्योति रौतेला ने कहा कि युवाओं और महिलाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी समाज में जागरूकता और सेवा भावना का सकारात्मक संदेश देती है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस भविष्य में भी जनहित और मानव सेवा से जुड़े ऐसे सामाजिक अभियानों का आयोजन करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों की सहायता की जा सके।

शिविर में उपस्थित लोगों ने नियमित रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।

शिविर के सफल आयोजन में महंत इंद्रेश अस्पताल की चिकित्सकीय टीम, कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा समाजसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!