देहरादून – उत्तराखंड में एक बार फिर गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बीते सप्ताह हुई बारिश और आंधी-तूफान के बाद मौसम में आई राहत अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है। पिछले तीन दिनों से प्रदेशभर में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मैदानों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है।
रविवार से मौसम साफ होने के बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मंगलवार को सुबह से ही चटक धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दोपहर के समय हालात और भी चुनौतीपूर्ण रहे, जब लू जैसी गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। गर्मी के चलते सड़कों और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल देखने को मिली।


मौसम विभाग के अनुसार मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ पर्वतीय जिलों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। राजधानी देहरादून में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम होकर 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि उत्तरकाशी, टिहरी और देहरादून जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा गर्मी से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी है। बढ़ते तापमान के बीच लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के लिए कुछ और दिनों तक इंतजार करना पड़ सकता है।

Skip to content










