सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की तत्परता से मिला गुम हुआ बैग, उज्जैन निवासी यात्री ने जताया आभार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

रेलवे स्टेशन हल्द्वानी से टेंपो में छूटा था बैग, महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामान सुरक्षित बरामद

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और जनसेवा भावना का एक और उदाहरण सामने आया है। रेलवे स्टेशन हल्द्वानी क्षेत्र में गुम हुए एक यात्री के बैग को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अथक प्रयासों के माध्यम से सकुशल बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा आमजन की सहायता एवं जनसेवा के लिए लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के उज्जैन जनपद निवासी भगत राम पुत्र लाल सिंह ने कोतवाली बनभूलपुरा पहुंचकर अपना बैग गुम होने की सूचना दी।

यात्री ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे रेलवे स्टेशन हल्द्वानी से टेंपो में बैठकर गोरखपुर जाने के लिए निकला था। यात्रा के दौरान उसका बैग टेंपो में ही छूट गया। बैग में कपड़े, दवाइयां, मोबाइल चार्जर, खाने-पीने का सामान, दो रेल टिकट, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड सहित अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।

सूचना मिलते ही कोतवाली बनभूलपुरा में तैनात कांस्टेबल मोहम्मद यासीन एवं कांस्टेबल लक्ष्मण राम सक्रिय हो गए। पुलिस कर्मियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन निरीक्षण किया और टेंपो स्टैंड पहुंचकर चालकों व अन्य लोगों से विस्तृत पूछताछ की। लगातार प्रयासों और सूझबूझ से संबंधित टेंपो और गुम हुए बैग का पता लगा लिया गया।

पुलिस टीम ने बैग को सकुशल बरामद कर उसमें रखे सामान का मिलान किया और सभी वस्तुएं सुरक्षित पाए जाने पर बैग उसके वास्तविक स्वामी भगत राम को सौंप दिया।

अपना महत्वपूर्ण सामान और दस्तावेज सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और जनसेवा भावना की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस टीम

  • कांस्टेबल मोहम्मद यासीन
  • कांस्टेबल लक्ष्मण राम

नैनीताल पुलिस — मित्रता, सेवा और सुरक्षा के संकल्प के साथ आमजन की सहायता के लिए सदैव तत्पर।

और पढ़ें

error: Content is protected !!