कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा पहुंचे गांव-गांव, सुनीं जनसमस्याएं; अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने को कहा।

दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा ने मटेला, कौड़ार, पस्या, नाई, भीड़ापानी, कचलाकोट, सुनकोट, गुरना, भेटी सहित कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।

कैबिनेट मंत्री ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना सरकार की प्राथमिकता है और जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

भीड़ापानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

उन्होंने जल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं एवं पाइपलाइन निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को क्षेत्र में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और इनके प्रति किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

दौरे के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे मंत्री के समक्ष रखकर समाधान की मांग की। मंत्री कैड़ा ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!