Breaking News

संयुक्त टीम ने किया नशामुक्ति केन्द्र का औचक निरीक्षण, लाइसेंस और अभिलेखों की जांच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – साईं कृपा ट्रस्ट द्वारा संचालित नशामुक्ति केन्द्र का शुक्रवार को प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केन्द्र में उपलब्ध दस्तावेजों, लाइसेंस संबंधी अभिलेखों, आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की गई। जांच में कुछ कमियां सामने आने पर संस्थान प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

उप जिलाधिकारी हल्द्वानी के नेतृत्व में हुए इस संयुक्त निरीक्षण में क्षेत्राधिकारी (सीओ), अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) नैनीताल तथा औषधि निरीक्षक भी शामिल रहे। टीम ने केन्द्र के संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संस्थान के पास नियमित लाइसेंस उपलब्ध नहीं है और केन्द्र वर्तमान में प्रोविजनल लाइसेंस के आधार पर संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा केन्द्र में कार्यरत पांच कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी पूर्ण नहीं पाया गया।

संयुक्त टीम ने केन्द्र में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक प्रावधानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता महसूस की गई, जिस पर संस्थान प्रबंधन को निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियों को दूर करने तथा सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

उप जिलाधिकारी ने कहा कि नशामुक्ति केन्द्रों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित मानकों और नियमों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपचाररत व्यक्तियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के आधार पर तैयार की गई विस्तृत जांच रिपोर्ट आवश्यक कार्रवाई हेतु जिलाधिकारी नैनीताल को भेजी जाएगी। साथ ही भविष्य में भी ऐसे संस्थानों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि नशामुक्ति केन्द्रों में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और मानक अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

जिला प्रशासन का कहना है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य एवं पुनर्वास सेवाओं से जुड़े संस्थानों की नियमित निगरानी की जाएगी और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!