Breaking News

ओलावृष्टि से तबाह फसलों पर मंत्री राम सिंह कैड़ा गंभीर, किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

भीमताल – भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी नैनीताल से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से फसलों और बागवानी को हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश देने का आग्रह किया।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक मुख्य रूप से फल, सब्जी और कृषि उत्पादन पर आधारित क्षेत्र हैं। यहां बड़ी संख्या में किसान और बागवान कृषि एवं बागवानी पर निर्भर होकर अपना जीवनयापन करते हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में लगातार हो रही ओलावृष्टि के कारण प्लम, खुमानी, टमाटर, मिर्च सहित विभिन्न फल एवं सब्जी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। विशेष रूप से दो बार हुई ओलावृष्टि ने किसानों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है।

मंत्री कैड़ा ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि जिला प्रशासन, उद्यान विभाग और कृषि विभाग की संयुक्त टीमों को गांव-गांव भेजकर नुकसान का विस्तृत सर्वे कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन से सर्वे प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर पात्र किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई। क्षेत्र के किसानों ने भी फसलों को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से शीघ्र सहायता की मांग की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!