हल्द्वानी – कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री उत्तराखंड दीपक रावत ने मंगलवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की।
समीक्षा बैठक के दौरान संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या कुमाऊं मंडल आर.सी. तिवारी ने जानकारी दी कि मंडल के अंतर्गत 17 विभागों द्वारा 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कुल 45 योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इन सभी परियोजनाओं की कुल स्वीकृत लागत लगभग 14,726.49 करोड़ रुपये है।


बैठक में बताया गया कि जमरानी बांध परियोजना, पीआईयू हल्द्वानी, सिंचाई विभाग, एम्स सैटेलाइट किच्छा, पंतनगर एयरपोर्ट, प्रधानमंत्री आवास योजना रुद्रपुर, पीआईयू नैनीताल तथा वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत एक-एक परियोजना संचालित की जा रही है।
इसके अलावा ब्रिडकुल, पीआईयू चम्पावत और यूपीसीएल द्वारा तीन-तीन परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। वहीं पेयजल निगम, एनएचएआई, पिटकुल और लोक निर्माण विभाग द्वारा 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत की चार-चार परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के तहत पांच परियोजनाएं और निर्माण विंग पेयजल निगम के माध्यम से सात बड़ी परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Skip to content










