नैनीताल के कलेक्ट्रेट पार्किंग में कार के भीतर अधिवक्ता ने खुद को गोली मारी – सुसाइड नोट मिला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – शहर के कलेक्ट्रेट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार के अंदर अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिवक्ता ने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या की है। बताया जा रहा है कि कार पार्किंग में खड़ी थी और अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उस ओर गया। जब लोगों ने कार के भीतर देखा तो अधिवक्ता खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।

घटना की सूचना पार्किंग संचालक द्वारा पुलिस और अधिवक्ताओं को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार का निरीक्षण किया। कार के भीतर अधिवक्ता का शव मिलने के साथ ही उनके हाथ में पिस्टल बरामद हुई। साथ ही कार के डैशबोर्ड से एक संदिग्ध सुसाइड नोट भी मिला है।

सूत्रों के अनुसार सुसाइड नोट में बीमारी से परेशान होने और जीवन से निराशा का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से सुसाइड नोट की सामग्री सार्वजनिक नहीं की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। सुसाइड नोट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!