रुद्रपुर – प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को नगर निगम परिसर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान शहर के लिए 1322.30 लाख रुपये (करीब 13.22 करोड़) की विभिन्न विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है और रुद्रपुर के चहुंमुखी विकास के लिए किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने वार्ड संख्या 38 में राजकुमार खनिजो के होटल से रमेश कालड़ा के घर तक नाला निर्माण एवं पुलियों के लिए 40.15 लाख रुपये की योजना का शुभारंभ किया। वहीं वार्ड संख्या 28 स्थित सब्जी मंडी में अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए 48.19 लाख रुपये की लागत से टीनशेड, सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई।


देवभूमि जयंती योजना के तहत वार्ड संख्या 03 ट्रांजिट कैंप स्थित सुभाष पार्क के सौंदर्यीकरण और कायाकल्प के लिए 159.24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न वार्डों में 494.68 लाख रुपये की लागत से हॉट मिक्स सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जबकि क्षतिग्रस्त सड़कों के नवीनीकरण के लिए 485.90 लाख रुपये के अलग कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
नगर निगम परिसर की बाउंड्री वॉल और नए प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए 94.14 लाख रुपये की योजना का भी शुभारंभ किया गया। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दिन-रात प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं और केंद्र सरकार से भी प्रदेश को निरंतर सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है, जिसका लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र को मिल रहा है। मंत्री ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में पुनः डबल इंजन सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी।
स्थानीय नेतृत्व की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में रुद्रपुर तेजी से एक मॉडल शहर के रूप में विकसित हो रहा है। यहां स्थापित अत्याधुनिक वेंडिंग जोन पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण बनेगा।
इससे पूर्व मंत्री ने रुद्रा वेंडिंग जोन, त्रिशूल चौक और ट्रचिंग ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण कर नगर निगम के कार्यों की सराहना भी की। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा।
नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने नगर निगम की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, अमित नारंग, अनिल चौहान, धीरेन्द्र मिश्रा, मोहन तिवारी, हिमांशु शुक्ला, तरुण दत्ता, वेद ठुकराल, घनश्याम श्यामपुरिया, यशपाल घई, राकेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर विकास योजनाओं का स्वागत किया। यह आयोजन रुद्रपुर के सुनियोजित विकास और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Skip to content










