पानी की किल्लत से हाहाकार: हल्द्वानी में लोगों ने जल संस्थान कार्यालय में किया प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – शहर में तापमान बढ़ने के साथ ही पेयजल संकट गहराने लगा है। बुधवार को पानी की आपूर्ति न होने से परेशान वार्ड-48 मल्ली बमौरी स्थित अमरावती कॉलोनी के लोगों ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति में आक्रोशित लोगों ने सहायक अभियंता रवींद्र कुमार का घेराव कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

पार्षद मुकुल बल्यूटिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी तिकोनिया स्थित जल संस्थान कार्यालय पहुंचे। लोगों का आरोप था कि कॉलोनी में गौला और ट्यूबवेल दोनों स्रोतों से पानी की सप्लाई होने के बावजूद पिछले कई दिनों से जलापूर्ति ठप है। अमरावती कॉलोनी फेस-वन और टू में पिछले 10 दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है, जबकि फेस-थ्री में यह समस्या पिछले एक वर्ष से लगातार बनी हुई है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि पूर्व में पेयजल और सीवर लाइन बिछाने के दौरान की गई खोदाई के बाद से जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों को निजी टैंकर मंगाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। सहायक अभियंता रवींद्र कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि शाम तक जेई को मौके पर भेजकर लाइन की जांच कराई जाएगी।

इसी बीच शहर में ट्यूबवेल खराब होने की समस्या भी बढ़ती जा रही है। बुधवार को मुखानी खड़िया फैक्टरी के पास लगे ट्यूबवेल की मोटर फुंक गई, जिससे जेके पुरम, दुर्गा कॉलोनी, श्याम विहार, जोशी कॉलोनी समेत करीब 2500 की आबादी पर पेयजल संकट गहरा गया है। सहायक अभियंता ने बताया कि मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है और चार दिन में ट्यूबवेल को दुरुस्त कर लिया जाएगा।

वहीं भगवानपुर तल्ला क्षेत्र में भी ट्यूबवेल खराब होने से करीब 5000 की आबादी पानी की किल्लत से जूझ रही है। इसके अलावा रामणी जसवा, खड़कपुर ईसाई और गुजरौड़ा क्षेत्रों में पहले से ही नलकूप खराब पड़े हैं, जिससे पेयजल के साथ-साथ सिंचाई का संकट भी गहराता जा रहा है।

बिजली आपूर्ति में हो रही अनियमितता ने भी स्थिति को और खराब कर दिया है। जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार बिजली कटौती के कारण राजपुरा, जज फार्म और महिला डिग्री कॉलेज के ट्यूबवेल नियमित रूप से नहीं चल पा रहे हैं, जिससे जलापूर्ति बाधित हो रही है। शहर में लगातार बढ़ते पेयजल संकट से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!