Breaking News

घर की चौखट से 4 साल की मासूम को उठा ले गया गुलदार, 2 किमी दूर मिला शव….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

देहरादूनउत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पोखड़ा क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर की चौखट पर खाना खा रही चार साल की मासूम बच्ची को गुलदार उठा ले गया। काफी खोजबीन के बाद बच्ची का क्षत-विक्षप्त शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर बरामद हुआ।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा गडरी (कोला गाड़) के भतकोट गांव निवासी हरेंद्र सिंह की चार वर्षीय बेटी दृष्टि गुरुवार शाम करीब आठ बजे घर के बाहर चौखट पर बैठकर खाना खा रही थी। उसी दौरान उसकी 10 वर्षीय बहन और दादी भी पास में मौजूद थीं। तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर बच्ची को खींचकर जंगल की ओर ले गया।

परिजनों और बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत खोजबीन शुरू की गई। कई घंटों की तलाश के बाद देर शाम बच्ची का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में क्षत-विक्षप्त अवस्था में मिला।

घटना की सूचना मिलते ही रेंजर पोखड़ा नक्षत्र शाह अपनी टीम के साथ और सतपुली पुलिस मौके पर पहुंची। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और डीएफओ को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया।

शुक्रवार सुबह उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य और डीएफओ महातिम यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में घर के पास ही बच्ची का पोस्टमार्टम किया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!