“हल्द्वानी की लाइन नंबर 8 बनी ‘अतिक्रमण और अराजकता’ का केंद्र, 60 फीट सड़क सिमटकर रह गई 8 फीट”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र की लाइन नंबर 8 इन दिनों अतिक्रमण, अव्यवस्था और नियमों की खुलेआम अनदेखी के चलते सुर्खियों में है। कभी 60 फीट चौड़ी रही मुख्य सड़क आज अतिक्रमण की वजह से महज 8 फीट तक सिमट कर रह गई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यहां स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि पक्की दुकानों के सामने दुकानदारों द्वारा 6 से 8 फीट तक सड़क पर कब्जा कर लिया गया है। नतीजतन सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि वाहनों की आवाजाही लगभग बाधित हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण करने वालों को न तो प्रशासन का डर है और न ही कानून का।

समय सीमा की भी उड़ रही धज्जियां
हाल ही में ईद के मौके पर व्यापारियों की मांग पर प्रशासन ने बाजार देर रात 2 बजे तक खोलने की विशेष अनुमति दी थी। लेकिन यह छूट सिर्फ त्योहार तक सीमित थी। इसके बावजूद लाइन नंबर 8 में कई दुकानदार अब भी देर रात 1 से 2 बजे तक दुकानें खोल रहे हैं, जो सीधे तौर पर प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन है।

अवैध गतिविधियों की चर्चाएं तेज
सूत्रों के अनुसार, देर रात तक दुकानों के खुले रहने के पीछे कई संदिग्ध गतिविधियों की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस दौरान नशे और अन्य अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ता जा रहा है।

आम लोगों में भय का माहौल
लाइन नंबर 8 की स्थिति अब इस कदर बिगड़ चुकी है कि आम नागरिक वहां जाने से कतराने लगे हैं। लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा, अभद्र भाषा और दबंगई यहां आम हो गई है। ऐसा प्रतीत होता है मानो इस क्षेत्र में कुछ लोगों ने खुद का ही कानून बना रखा हो।

प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद प्रशासन की निष्क्रियता भी सवालों के घेरे में है। शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमण और अव्यवस्था पर लगाम लगाता है और आम जनता को राहत दिलाता है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!