आज हल्द्वानी में दो मुकाबले—मुंबई स्पार्टन्स बनाम कोनार्क सुर्यास ओडिशा और रॉयल राइडर्स पंजाब बनाम सदर्न सुपर स्टार
हल्द्वानी। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को खेले गए लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी-2026) के छठे मुकाबले में सदर्न सुपर स्टार्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया कैप्टन्स को आठ विकेट से हरा दिया। टीम की जीत में गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी और हैमिल्टन मसाकाद्ज़ा के तूफानी अर्धशतक की अहम भूमिका रही।


टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया कैप्टन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 18.3 ओवर में मात्र 87 रन पर ऑलआउट हो गई। गौरव तोमर जल्दी पवेलियन लौट गए। हाशिम अमला ने 17 गेंदों में 12 रन बनाए, जबकि शेल्डन जैक्सन ने 20 गेंदों में 17 रन का योगदान दिया। राजेश बिश्नोई ने 12 रन जोड़े, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।
सदर्न सुपर स्टार्स की ओर से अजीत चंदिला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार अहम विकेट झटके। उनके अलावा रजत भाटिया, रवि जांगिड़ और दिवेश पठानिया ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
88 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी सदर्न सुपर स्टार्स की शुरुआत भी झटकों के साथ हुई। कप्तान रजत भाटिया को परविंदर अवाना ने पहली ही गेंद पर आउट कर दिया। इसके बाद पुनीत बिष्ट भी दो रन बनाकर पवेलियन लौट गए और टीम का स्कोर तीसरे ओवर में 16/2 हो गया।
इसके बाद हैमिल्टन मसाकाद्ज़ा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला। उन्होंने 30 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए, जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल थे। दिलशान मुनावीरा ने 18 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी की बदौलत सदर्न सुपर स्टार्स ने 9.2 ओवर में ही 88/2 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आज होंगे दो मुकाबले
लीजेंड्स लीग क्रिकेट-2026 में मंगलवार को हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दो मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला दोपहर 2:30 बजे मुंबई स्पार्टन्स और कोनार्क सुर्यास ओडिशा के बीच होगा, जबकि शाम 7:30 बजे रॉयल राइडर्स पंजाब का सामना सदर्न सुपर स्टार्स से होगा।

Skip to content










