हल्द्वानी में लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2026 का आगाज़, इंडिया कैप्टन्स ने मुंबई स्पार्टन्स को 23 रनों से हराया…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, हल्द्वानी में बुधवार को लीजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) 2026 सीज़न का शानदार आगाज़ हुआ। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में इंडिया कैप्टन्स ने मुंबई स्पार्टन्स को 23 रनों से हराकर जीत के साथ शुरुआत की। अब गुरुवार को दूसरे मैच में रॉयल राइडर्स पंजाब का सामना इंडिया टाइगर्स से होगा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया कैप्टन्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। टीम की ओर से शेल्डन जैक्सन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे। उपुल थरंगा ने 22 गेंदों में 23 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान सौरभ तिवारी बिना खाता खोले आउट हो गए।

मुंबई स्पार्टन्स के लिए अमित वर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट लिए। केसी कारियाप्पा और सुबोथ भाटी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मनन शर्मा को एक सफलता मिली।

151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई स्पार्टन्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और 18.5 ओवरों में 127 रनों पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से भरत चिप्ली ने 30 गेंदों में 47 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल थे। असद पठान 10 रन बनाकर रन आउट हो गए।

इंडिया कैप्टन्स की ओर से गेंदबाजी में असेला गुणरत्ने ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 रन देकर 4 विकेट झटके और मैच का रुख बदल दिया। उनके अलावा प्रवीण गुप्ता ने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

मुंबई स्पार्टन्स की पारी के दौरान हाशिम आमला सिर्फ एक रन बनाकर ईश्वर चौधरी की गेंद पर कैच आउट हो गए। बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से टीम मैच में वापसी नहीं कर सकी और इंडिया कैप्टन्स ने 23 रनों से जीत दर्ज कर ली।

और पढ़ें

error: Content is protected !!