देहरादून गैस एजेंसी मालिक हत्याकांड: संपत्ति विवाद में मां ने ही दी सुपारी, तीन गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

देहरादून- देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में तिब्बती मार्केट के पास हुए चर्चित गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि संपत्ति विवाद के चलते अर्जुन की हत्या की सुपारी उसकी अपनी मां ने ही 12 लाख रुपये में दी थी। पुलिस ने मृतक की मां बीना शर्मा सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या को अंजाम देने वाले दोनों शूटरों को पहले ही मुठभेड़ के बाद पकड़ा जा चुका है।

पैसों के विवाद से शुरू हुई साजिश

मृतक अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे। उनकी पत्नी अभिलाषा शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और एसके मेमोरियल अस्पताल संचालक डॉ. अजय खन्ना से चल रहे पैसों और संपत्ति विवाद की जानकारी दी थी। बताया गया कि जीएमएस रोड की संपत्ति को लेकर 14 करोड़ रुपये की डील हुई थी, जिसमें 8 करोड़ रुपये पहले ही दिए जा चुके थे, लेकिन अर्जुन ने इस संपत्ति पर कोर्ट से स्टे ले लिया था।

12 लाख में तय हुई हत्या

संपत्ति का कब्जा न मिलने से नाराज आरोपियों ने अर्जुन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू नामक दो सगे भाइयों को 12 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी गई। तीन लाख रुपये एडवांस दिए गए और बाकी रकम काम होने के बाद देने की बात तय हुई।
11 फरवरी की सुबह दोनों शूटरों ने तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा को गोली मारकर हत्या कर दी।

मुठभेड़ में पकड़े गए शूटर

घटना के बाद एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर पुलिस ने नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। देर रात मुठभेड़ में दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। पूछताछ में उन्होंने हत्या की बात कबूल की और पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

मां ने खुद जुटाई थी जानकारी

जांच में यह भी सामने आया कि बीना शर्मा ने हत्या से पहले बेटे की दिनचर्या की जानकारी उसके मैनेजर से जुटाई थी। मां-बेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में विचाराधीन था।

पुलिस ने बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। इस खुलासे के बाद शहर में सनसनी फैल गई है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!