Haldwani डबल मर्डर: युवक-युवती की पहचान, नैनीताल-अल्मोड़ा कनेक्शन की जांच तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी-  हल्द्वानी के बरेली रोड स्थित मंडी परिसर में गुरुवार सुबह मिले युवक और युवती के शवों से शहर में सनसनी फैल गई। दोनों की हत्या सिर कुचलकर किए जाने की आशंका है। पुलिस ने शवों की पहचान लक्ष्मी (19) निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल और शुभम कुमार टम्टा (31) निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा के रूप में की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित कई अधिकारी पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द खुलासा किया जाएगा।

जांच में मिले अहम सुराग

जांच के दौरान युवक के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक सिगार (ई-सिगार) और कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है, जिसे कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटना में दो से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

परिवारिक पृष्ठभूमि

शुभम छह भाई-बहनों में से एक था, उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार के कई सदस्य शिक्षा विभाग से जुड़े बताए गए हैं। वहीं लक्ष्मी आठ भाई-बहनों में छठे नंबर पर थी। उसके पिता पुजारी हैं और वह बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। पढ़ाई के साथ वह मेडिकल स्टोर में काम करती थी और हाल में मुखानी क्षेत्र में रहने लगी थी।

लक्ष्मी के भाई सुरेश ने बताया कि परिवार को किसी पर विशेष संदेह नहीं है और घटना की सूचना उन्हें पुलिस से मिली।

सभी पहलुओं पर जांच

पुलिस आपसी संबंध, रंजिश और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। देर रात सुनसान मंडी क्षेत्र में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हर कड़ी जोड़कर दोहरे हत्याकांड के सच तक पहुंचने में जुटी है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!