बाघ हमले में महिला की मौत पर कांग्रेस का हमला, मुआवज़ा और ठोस कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

गांधी आश्रम फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम पीपल पोखरा नंबर-1 निवासी श्रीमती गंगा देवी पत्नी प्रेम भारती की बाघ के हमले में हुई मौत पर कांग्रेस ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने शोक संवेदना प्रकट करते हुए इसे एक परिवार की अपूरणीय क्षति बताया और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।

उन्होंने कहा कि यह घटना वन विभाग की गंभीर लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता को भी उजागर करती है। तिवारी के अनुसार, इसी क्षेत्र में पूर्व में भी बाघ/गुलदार के हमलों में सात लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन विभाग द्वारा अब तक कोई स्थायी और प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। लगातार मिल रही वन्यजीव गतिविधियों की सूचनाओं के बावजूद पर्याप्त गश्त, निगरानी और सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए।

कांग्रेस ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवज़ा दिया जाए तथा प्रभावित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही आदमखोर घोषित किए जाने योग्य तेंदुए/गुलदार को पकड़ने या मार गिराने की कानूनी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का आदेश जारी किया जाए।

नीरज तिवारी ने कहा कि जनहित और ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए सरकार और संबंधित विभागों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!