हल्द्वानी- डायल 112 पर फायरिंग की झूठी सूचना देना एक युवक को महंगा पड़ गया। मुखानी पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉलर का ₹5,000 का चालान किया है। जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी 2026 को रात्रि 10:23 बजे तुषार कबडवाल निवासी मल्ला फतेहपुर, ऊंचापुल थाना मुखानी द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई कि कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं तथा फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुखानी श्री सुशील जोशी ने तत्काल रात्रि अधिकारी उप निरीक्षक सूरज सिंह एवं पीसीआर टीम को मौके पर रवाना किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गहन जांच की तो पाया कि वहां कोई फायरिंग नहीं हुई थी और मामला केवल आपसी कहासुनी एवं झगड़े का था। झूठी सूचना देने के संबंध में पुलिस ने कॉलर तुषार कवड़वाल पुत्र देवेंद्र चंद्र निवासी मल्ला फतेहपुर, कटघरिया को थाने लाकर पुलिस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए ₹5,000 का जुर्माना वसूल किया। नैनीताल पुलिस का सख्त संदेश: डायल 112 एक आपातकालीन सेवा है। झूठी सूचना देकर इसका दुरुपयोग करना दंडनीय अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Skip to content










