हल्द्वानी- हल्द्वानी के एसपी श्री मनोज कुमार कत्याल ने मंगलवार को कोतवाली बनभूलपुरा का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव, ऑनलाइन कार्यों की प्रगति और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी व प्रो–एक्टिव बनाने पर विशेष बल दिया। सबसे पहले प्रभारी निरीक्षक श्री दिनेश सिंह फर्त्याल ने एसपी को कोतवाली भवन, कर्मचारी बैरक और मालखाने का निरीक्षण कराया। एसपी ने परिसर, कार्यालय और भोजनालय में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों की शस्त्र ड्रिल कराई गई। एसपी ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए नियमित शस्त्राभ्यास कराया जाए।
बनभूलपुरा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए दंगा नियंत्रण उपकरणों का भी अभ्यास कराया गया। एसपी ने कोतवाली के अभिलेखों की जांच कर उन्हें अद्यतन रखने और सभी प्रविष्टियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यालय में तैनात कार्मिकों को सभी ऑनलाइन पोर्टल और CCTNS पर डेटा समय से अपडेट करने को कहा गया। महिला हेल्पडेस्क का निरीक्षण करते हुए शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। माल मुकदमाती की भी समीक्षा की गई और थाना प्रभारी को न्यायालय से उचित प्रक्रिया अपनाते हुए शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। विवेचनाओं में गुणवत्ता लाने और निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।


सम्मेलन में दिए दिशा-निर्देश
निरीक्षण के उपरांत आयोजित सम्मेलन में एसपी ने सभी अधिकारी व कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और समाधान किया। क्षेत्र में पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने, नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सतर्कता और सक्रियता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीओ हल्द्वानी श्री अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक श्री दिनेश सिंह फर्त्याल सहित कोतवाली के अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Skip to content










