न्याय न मिलने से टूटा किसान सुखवंत सिंह, जमीन धोखाधड़ी के बाद आत्महत्या से खत्म की जिंदगी……..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानीन्याय की उम्मीद में दर-दर भटकते काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह की दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जमीन खरीद में हुए कथित बड़े धोखे और लगातार मिल रही निराशा के बाद सुखवंत सिंह ने जिंदगी से हार मानते हुए आत्महत्या कर ली। इस घटना से जहां परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं किसान समाज में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।

मृतक के परिजनों के अनुसार सुखवंत सिंह अपने पिता तेजा सिंह के साथ खेती-बाड़ी से जुड़ा हुआ था। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा भाई परविंदर सिंह खेती में पिता का हाथ बंटाता है। परिजनों का कहना है कि पेपर मिल को गई करीब सात एकड़ जमीन के बदले सुखवंत को मोटी रकम मिली थी, लेकिन किसान होने के नाते वह दोबारा उतनी ही जमीन खरीदना चाहता था।

परिजनों के मुताबिक चार प्रॉपर्टी डीलरों ने सुखवंत को कुंडा क्षेत्र में सात एकड़ जमीन दिखाई। सौदा तय होने के बाद 13 अप्रैल 2025 को काशीपुर में रजिस्ट्री हुई और सुखवंत ने नकद व चेक के जरिए करीब 3 करोड़ 80 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। बाद में पता चला कि जिस जमीन की रजिस्ट्री हुई है, उसकी वास्तविक कीमत मात्र करीब 50 लाख रुपये है। इसके बाद से सुखवंत अपने पैसे वापस पाने के लिए लगातार प्रयास करता रहा, लेकिन कहीं से न्याय नहीं मिला।

पोस्टमार्टम हाउस में फूट-फूटकर रोए पिता

पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के पिता तेजा सिंह अपने आंसू नहीं रोक पाए। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उनके बेटे को ही अपराधी बना दिया। उन्होंने कहा कि “मेरा बेटा नेकदिल था, उसने सिर्फ अपना हक मांगा था।”

होटल के कमरे से मिला तमंचा और गोली

शनिवार रात गौलापार स्थित एक होटल में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर बेड पर खून फैला हुआ मिला और कोने से एक गोली बरामद की गई। सुखवंत के दाहिने कंधे पर चोट का निशान भी पाया गया है। पुलिस को आशंका है कि गोली कंधे को छूते हुए निकली। तमंचा और कारतूस जांच के लिए भेजे गए हैं। होटल का कमरा सील कर दिया गया है।

सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप

आत्महत्या से पहले सुखवंत सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रॉपर्टी डीलरों पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद काशीपुर निवासी कुलविंदर सिंह और अमरजीत सिंह ने भी वीडियो जारी कर सुखवंत पर आरोप लगाए। उनका कहना है कि सुखवंत ने उन्हें दिए गए चेक बाउंस हुए थे और वह उन्हें बदनाम कर रहा था। उन्होंने दावा किया कि वे इस मामले में पहले ही पुलिस और हाईकोर्ट की शरण ले चुके थे।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला न केवल एक किसान की टूटती उम्मीदों की कहानी है, बल्कि सिस्टम में न्याय की देरी और जमीन माफिया के कथित खेल पर भी कई सवाल खड़े करता है।

 

और पढ़ें

error: Content is protected !!