हल्द्वानी- तीन साल में ही पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त, हजारों लोगों के सामने पानी का संकट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी- अमृत योजना से काठगोदाम हाइडिल कॉलोनी के लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए तीन साल पहले बिछाई गई लाइन जवाब दे गई है। खोदाई कम करके यूं ही डाली गई लाइन भारी वाहनों के दबाव से क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे पांच हजार की आबादी के समक्ष पेयजल संकट गहराने के आसार हो गए हैं। जल संस्थान व जल निगम इस समस्या का उपाय तलाश तो रहा है, मगर संकट टलता नहीं दिख रहा। जल निगम ने ओवरहेड टैंक से हाइडिल कॉलोनी में पानी पहुंचाने के लिए 12 इंच व्यास की मुख्य लाइन बिछाई थी।

 

करीब 500 मीटर लंबाई वाली इस लाइन से जुड़े आस्था विहार, पॉलीशिट, नैनीताल रोड, बेड़ीखत्ता समेत बड़े आबादी क्षेत्र को भी इसी के जरिये रोजाना जलापूर्ति होती है। सड़क पर ऊपरी सतह को छू रही यह लाइन वाहनों के दबाव से क्षतिग्रस्त होने लगी है। कई जगह पानी लीकेज हो रहा है। आपूर्ति बनाए रखने के लिए रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद किया जा रहा है। समस्या यह है कि बर्बादी रोकी जाए तो लोगों को पानी नहीं मिलता। कम प्रेशर से और डेमेज वाले स्थान पर थोड़ी मरम्मत कर पानी इस लाइन में भेजा जा रहा है। लो प्रेशर के कारण तमाम घरों में पानी पहुंच भी नहीं रहा है।

 

जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली ने स्थलीय निरीक्षण किया और अफसरों को लाइन जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बताया गया कि जहां यह लाइन डेमेज हो रही है, वहां कोई उपाय करना टेड़ी खीर है। ऐसे में अब लाइन बदलने पर विचार किया जा रहा है। समस्या यहीं तक नहीं है, जब कभी लाइन बदली जाएगी तो कई दिनों तक क्षेत्र के हजारों लोगों को पानी के लिए काफी जूझना पड़ेगा।

 

और पढ़ें

error: Content is protected !!