उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

हल्द्वानी के 182 लाभार्थियों को आवास योजना की सौगात, खातों में भेजी गई दूसरी किश्त

हल्द्वानी – प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के 182 लाभार्थी परिवारों को बड़ी राहत मिली है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि ऑनलाइन हस्तांतरित की गई। नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई।

इस अवसर पर मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि योजना के तहत प्रथम किश्त की धनराशि का निर्धारित मानकों के अनुसार सदुपयोग करने वाले पात्र लाभार्थियों को दूसरी किश्त जारी की गई है। इसका उद्देश्य आवास निर्माण कार्य में तेजी लाना और जरूरतमंद परिवारों को जल्द पक्के मकान की सुविधा उपलब्ध कराना है।

मेयर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से शहरी गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि सरकार की ओर से दी जा रही धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप केवल आवास निर्माण में करें और निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कर अपने पक्के घर का सपना साकार करें।

बिचौलियों की भूमिका खत्म, सीधे खातों में पहुंच रही धनराशि

मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाती है। इसमें किसी बिचौलिए या स्थानीय निकाय के माध्यम से धनराशि का लेन-देन नहीं होता। इससे पारदर्शिता बनी रहती है और पात्र लाभार्थियों को उनका पूरा लाभ मिल पाता है।

उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जल्द ही उनके अपने पक्के मकान का सपना पूरा होगा। इससे न केवल उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा, बल्कि परिवारों को सुरक्षित और बेहतर भविष्य भी मिलेगा।

कार्यक्रम में सामाजिक विकास अधिकारी सुरेश अधिकारी, सहायक अभियंता नवल नौटियाल, पार्षद सचिन, रवि जोशी सहित योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।