देहरादून/जोशीमठ – बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहे एक हेलीकॉप्टर के जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास क्रैश होने की सूचना से हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर में छह यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद पायलट से संपर्क नहीं हो पाने के चलते उसकी लोकेशन तलाशने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। खराब मौसम के बीच बचाव एवं खोज अभियान शुरू कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। वापसी के दौरान जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा), जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें सक्रिय हो गईं।
बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में छह यात्री सवार थे। पायलट से संपर्क स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हेलीकॉप्टर की सही लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन की सहायता ली जा रही है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के कारण खोज एवं बचाव अभियान में चुनौतियां सामने आ रही हैं।
सीएम धामी ने जताई चिंता, बचाव अभियान तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया के माध्यम से घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए तत्काल हायर सेंटर एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की।
फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। बचाव एवं खोज अभियान जारी है।
