कोटद्वार – कोटद्वार-भाबर के जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज अंधड़ के चलते एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के समीप खड़े दो लोग अचानक विशाल पेड़ की चपेट में आ गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्दूखाता निवासी विक्रम उर्फ खटमल (55) पुत्र छज्जू सिंह और किशनपुर निवासी दलीप (45) पुत्र शिवराज सिंह शुक्रवार सुबह जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक चाय की दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक तेज अंधड़ आया और दुकान के समीप खड़ा विशाल पेड़ दोनों के ऊपर गिर पड़ा।
पेड़ की चपेट में आने से विक्रम उर्फ खटमल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दलीप गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
