रुद्रपुर – प्रदेश सरकार के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में प्रदेश के परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने 5.52 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया।


सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य : प्रदीप बत्रा
प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में लगाए जा रहे जनसेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अनावश्यक भटकना न पड़े।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में भी सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें।
5.52 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास
प्रभारी मंत्री ने नगर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें आवास विकास क्षेत्र में विभाजन विभीषिका स्मृति पार्क, वेंडिंग जोन फेस-2, मुख्य बाजार में घंटाघर निर्माण, कलेक्ट्रेट परिसर में वर्षा जल संचयन परियोजना, लंबाखेड़ा में गौसदन निर्माण तथा ट्रांजिट कैंप में नगर निकाय साझा केंद्र जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर कुल 5 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत आएगी।
257 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों के 30 जनसेवा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही लाभान्वित किया गया। शिविर में 258 आवेदन एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 257 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर लाभार्थियों को सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
विभिन्न विभागों ने दी सेवाएं
समाज कल्याण विभाग ने पेंशन संबंधी मामलों का निस्तारण करते हुए दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण किया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई। स्वास्थ्य, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। नगर निगम ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, आधार अपडेट, पौध वितरण और विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराई।
जनसंवाद में सुनीं समस्याएं
प्रभारी मंत्री ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचना चाहिए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में किया पौधरोपण
कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नगर निगम परिसर में पौधरोपण किया तथा उपस्थित लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल अवश्य करनी चाहिए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Skip to content










