किच्छा (ऊधमसिंहनगर) – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत अवैध रासायनिक पदार्थों के कारोबार पर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंहनगर जनपद के किच्छा क्षेत्र में प्रतिबंधित केमिकल का विशाल जखीरा बरामद किया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान करीब 15,650 लीटर प्रतिबंधित रासायनिक पदार्थ जब्त किए गए तथा संबंधित गोदाम को सील कर दिया गया।
एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने आबकारी विभाग और कोतवाली किच्छा पुलिस के साथ लालपुर क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक गोदाम से 108 ड्रम प्रतिबंधित केमिकल से भरे तथा 78 खाली ड्रम बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में गोदाम से लगभग 9,050 लीटर एथेनॉल, 2,600 लीटर ग्लूकोज और 4,000 लीटर सॉर्बिटोल बरामद हुआ।


जांच में सामने आया कि उक्त गोदाम किच्छा निवासी राजकुमार खुराना पुत्र हरबंश खुराना द्वारा अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। एसटीएफ के अनुसार बरामद एथेनॉल का उपयोग अवैध शराब निर्माण में, ग्लूकोज का उपयोग खाद्य पदार्थों तथा सॉर्बिटोल का उपयोग कफ सिरप एवं अन्य दवाइयों के निर्माण में किया जाता है।
आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर सभी रासायनिक पदार्थों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है।
छापेमारी के दौरान 200 लीटर क्षमता वाले 40 ड्रम एथेनॉल, 13 ड्रम ग्लूकोज, 20 ड्रम सॉर्बिटोल, 30 लीटर क्षमता वाले 35 ड्रम एथेनॉल, 78 खाली ड्रम, एक टुल्लू पंप, पांच बंडल प्लास्टिक पाइप, एक गेज, एक फ्लास्क तथा एक मापक यंत्र भी बरामद किया गया।
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को अवैध रासायनिक पदार्थों अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल एसटीएफ को सूचित करें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में एसटीएफ की टीम के निरीक्षक विकास चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा कोतवाली किच्छा पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Skip to content










